Sat. Sep 21st, 2024

तीर्थयात्रियों के शव लेकर एयरफोर्स का विमान मध्य प्रदेश रवाना

DEATH

उत्तरकाशी में हुए बस हादसे में मारे गए तीर्थयात्रियों के शव लेकर वायु सेना का विशेष विमान खजुराहो के लिए रवाना हो गया है। सुबह मृतकों के शव जौलीग्रांट अस्पताल लाए गए थे। यहां मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और सांसद बीडी शर्मा आदि मौजूद थे। शाम 5:00 बजे वायुसेना के विमान से शवों को खजुराहो मध्य प्रदेश भेजा गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के रिखाऊ खड्ड डामटा के समीप बस दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने हादसे पर गहरा दुख जताया। साथ ही मृतकों के परिजनों को कुल आठ-आठ लाख और प्रत्येक घायल को डेढ़ लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की गई।
रविवार को यमुनोत्री हाईवे पर डामटा से करीब पांच किमी दूर रिखाऊं खड्ड के पास मध्यप्रदेश के यात्रियों से भरी बस खाई में गिर गई थी। इसमें 26 यात्रियों की मौत और चार गंभीर रूप से घायल हुए थे। घायलों को देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोमवार सुबह 9:18 बजे सीएम शिवराज सिंह और पुष्कर सिंह धामी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद दूसरी बस में सवार मध्यप्रदेश के यात्रियों से बातचीत की।  शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही वे उत्तराखंड के सीएम के संपर्क में थे। जिला प्रशासन ने तत्काल बचाव व राहत कार्य शुरू किए। रेस्क्यू ऑपरेशन जितना जल्दी हो सकता था किया गया। प्रधानमंत्री राहत कोष और मध्य प्रदेश सरकार ने मृतकों के परिजनों एवं घायलों को मुआवजा राशि देने का ऐलान किया है। 

प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतक परिजनों को दो लाख, घायलों को 50 हजार के अलावा मध्यप्रदेश की सरकार मृतकों के परिजनों को 5 लाख व घायलों को 50 हजार की राशि देगी। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी मृतकों के परिजनों को 1 लाख एवं घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजा राशि देगी। इस दौरान गढ़वाल कमिश्नर सुशील कुमार, डीआईजी पुलिस करन सिंह नगन्याल, डीएम उत्तरकाशी अभिषेक रुहेला, डीएम टिहरी इवा आशीष श्रीवास्तव, एसपी अपर्ण यदुवंशी, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल भी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *