दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती मंगलौर से बसपा विधायक सरवत करीम अंसारी का निधन हो गया।

Dehradun: मंगलौर से बसपा विधायक हाजी सरवत करीम अंसारी का लंबी बीमारी के चलते नोएडा के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना कस्बे में पहुंचते ही समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। शव कस्बे में पहुंचने पर पुलिस प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद देर शाम उन्हें सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
विधायक सरवत करीम अंसारी (66) को ऑक्सीजन लेवल कम होने पर मंगलौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार नहीं होने पर शुक्रवार रात को ही उन्हें नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना से कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार दोपहर को उनका शव पैतृक आवास पर पहुंचा। वहां उन्हें पुलिस प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद रोडवेज बस स्टैंड में उनके जनाजे की नमाज पढ़ाई गई। नमाज के बाद मोहल्ला इस्लामनगर स्थित कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। वहीं, बसपा विधायक सरवत करीम अंसारी के निधन पर बसपा सुप्रीमो मायावती, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, स्पीकर रितु खंडूड़ी समेत बसपा, भाजपा व कांग्रेस के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। अंसारी कुछ माह पूर्व दिल की बीमारी से भी पीड़ित थे। इलाज के बाद वह स्वस्थ हो गए थे। वो मंगलौर विधानसभा से दूसरी बार विधायक बने थे। इससे पहले वह 2012 से 2017 तक बसपा के ही टिकट पर मंगलौर विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में मंगलौर के बसपा विधायक सरवत करीम अंसारी के असामयिक निधन पर दो मिनट का शोक व्यक्त किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। इससे पूर्व सीएम ने दिवंगत अंसारी के पुत्र से फोन पर बात की और उन्हें ढांढस बंधाया।