Sat. Mar 15th, 2025

योग व आध्यात्म गुरुओं के सानिध्य में होगा सात दिवसीय महोत्सव, यहां करें पंजीकरण

ऋषिकेश: ऋषिकेश में एक से सात मार्च तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव में योग व आध्यात्म गुरुओं व योगाचार्य का भी सानिध्य मिलेगा। योग महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।

पर्यटन विभाग व गढ़वाल मंडल विकास निगम के माध्यम से हर साल की भांति गंगा रिजाॅर्ट ऋषिकेश में अंतराष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जीएमवीएन के एमडी विशाल मिश्रा ने बताया कि आयोजन में इस बार 20 हजार से अधिक योग साधक और प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। महोत्सव में स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज, आचार्य बालकृष्ण, स्वामी आत्मस्वरूप, जया किशोरी, अक्षत गुप्ता का मार्गदर्शन मिलेगा।

महोत्सव में प्रतिदिन शाम को होने वाले सांस्कृतिक समारोह में इंडियन ओशियन, प्रेम जोशुआ, ज्योति नूरान, नरेंद्र सिंह नेगी और उत्तराखंडी लोक नृत्यों की प्रस्तुति होगी। इसके साथ ही अलग-अलग सत्रों में ग्रैंड मास्टर अक्षर, योगी अभिषेक सोती, योगिनी उषा माता, डॉ. लक्ष्मी नारायण जोशी, डॉ. अर्पिता नेगी, योगिनी उर्मिला पांडेय और मेघा चौधरी का व्याख्यान होगा। प्रतिदिन देश-विदेश के योगाचार्य प्रतिभागियों को योग का अभ्यास कराएंगे।

महोत्सव के लिए ऑनलाइन व ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था

गत वर्ष महोत्सव में 42 देशों के 890 विदेशी मेहमानों ने प्रतिभाग किया था। इस बार यह संख्या बढ़ने की उम्मीद है। प्रतिभाग के लिए ऑनलाइन के साथ ही ऑफलाइन भी पंजीकरण किए जा रहे हैं। ऑनलाइन पंजीकरण gmvnonline.com पर किया जा सकता है। इस बार योग महोत्सव ग्रीन थीम पर आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव से पहले और बाद में आयोजन स्थल और गंगा तट पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।

ऋषिकेश सदियों से योग की भूमि रही है। देश-विदेश के योग साधक इसीलिए ऋषिकेश खिंचे चले आते हैं। प्रधानमंत्री के फिट इंडिया अभियान में भी योग की अहम भूमिका है। इसलिए सरकार ऋषिकेश में योग गतिविधियों को लोकप्रिय बनाने का प्रयास कर रही है।
-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *