बीकेटीसी के आरोपी प्रमोद नौटियाल को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा
Dehradun: बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को सोमवार को जिला एवं सत्र न्यायालय, गोपेश्वर ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया।
आरोपी को सिविल जज (जूनियर डिवीजन) एवं प्रभारी न्यायिक मजिस्ट्रेट, जोशीमठ हीना कौसर की अदालत में पेश किया गया। पुलिस की जांच टीम ने न्यायालय से कस्टडी रिमांड मांगी थी, लेकिन न्यायालय में मामले से संबंधित विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया है। इससे पूर्व पुलिस टीम की ओर से आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर बदरीनाथ कोतवाली लाया गया।
यहांं सीसीटीवी फुटेज में सामने आए अन्य कर्मचारियों से आरोपी कर्मचारी का आमना-सामना करवाया गया। जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और आरोपी के बयान दर्ज करवाए।
