Sat. Oct 10th, 2026

नए प्रभारी-सह प्रभारियों की एंट्री से बदलेंगे सियासी समीकरण

Dehradun: उत्तराखंड भाजपा के सांगठनिक ढांचे में आने वाले दिनों में कई समीकरण बदले हुए नजर आ सकते हैं। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव को प्रदेश प्रभारी, अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को सह प्रभारी बनाए जाने के बाद सूबे के सियासी गलियारों में नए समीकरणों की सुगबुगाहट तेज हो गई है।

दरअसल, प्रभारी और सह प्रभारियों की इस तिकड़ी के उत्तराखंड के कई दिग्गज नेताओं से पुराने और अच्छे संबंध रहे हैं। राम माधव की रणनीतिक पकड़ और अरविंद मेनन का संगठनात्मक अनुभव किसी से छिपा नहीं है। बांसुरी स्वराज की सक्रियता नई ऊर्जा का संकेत दे रही है। इस बदलाव ने उन नेताओं की उम्मीदों को पंख लगा दिए हैं, जो पिछले कुछ समय से मुख्यधारा की राजनीति में हाशिए पर चल रहे थे।

सूत्रों के मुताबिक, नई टीम के कमान संभालते ही राज्य के कई वरिष्ठ नेता इनके सीधे संपर्क में आ चुके हैं। चर्चा है कि हरिद्वार के एक कद्दावर नेता की एक सह प्रभारी के साथ गहरी पारिवारिक नजदीकी है। माना जा रहा है कि इस व्यक्तिगत तालमेल का असर आने वाले दिनों में संगठन के भीतर भी देखने को मिल सकता है।

राज्य में होने वाले आगामी संगठनात्मक बदलावों और रणनीतिक फैसलों में इस नई टीम की भूमिका बेहद निर्णायक मानी जा रही है। ऐसे में पुराने क्षत्रप जहां अपनी खोई जमीन तलाशने की जुगत में हैं, वहीं वर्तमान संगठनात्मक ढांचे में काबिज नेताओं के सामने अपना दबदबा बरकरार रखने की चुनौती खड़ी हो गई है। साफ है कि प्रभारियों के इस प्रवास के साथ ही उत्तराखंड भाजपा में नए सियासी समीकरणों की बिसात बिछनी शुरू हो चुकी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *