यमकेश्वर विज्ञान महोत्सव में 128 बाल वैज्ञानिकों ने लिया भाग
यमकेश्वर। राजकीय इंटर कॉलेज दिउली में खंड स्तरीय विज्ञान महोत्सव-2026 के तहत विज्ञान प्रदर्शनी और विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें यमकेश्वर ब्लॉक के 17 विद्यालयों के 128 बाल वैज्ञानिकों ने शिक्षकों के साथ प्रतिभाग किया। विज्ञान प्रदर्शनी का मुख्य विषय ‘सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार’ तथा विज्ञान ड्रामा का विषय मानव जाति कल्याण के लिए विज्ञान व प्रौद्योगिकी रहा। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
जूनियर वर्ग में कृत्रिम बुद्धिमता में राइंका हीराखाल की महक प्रथम और राइंका दिउली की खुशबू द्वितीय रहीं। हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण में राउमावि परंदा के आयुष प्रथम, राइंका लक्ष्मणझूला के अंशु द्वितीय और राइंका दिउली की परिधि तृतीय रहीं। गणितीय प्रतिरूपण एवं कम्प्यूटेशनल चिंतन में राइंका गंगाभोगपुर के भास्कर प्रथम, राइंका दिउली के अक्षत पयाल द्वितीय और राइंका हीराखाल की अवनी तृतीय रहीं। स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं साफ-सफाई में राइंका दिउली के आशुतोष प्रथम, राइंका मोहनचट्टी की सानवी द्वितीय और राउमावि अमोला की अवनी तृतीय रहीं। स्वदेशी कृषि पद्धतियों में राइंका बनचूरी की रिया प्रथम, राइंका हीराखाल की मानवी द्वितीय और राइंका दिउली के तक्ष तृतीय रहे। ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान में राउमावि अमोला के आरुष प्रथम, राउमावि सिगड्डी के रितेश द्वितीय और राइंका हीराखाल की शिवानी तृतीय रहीं। आपदा प्रबंधन में राइंका बनचूरी की साधना प्रथम, राबाइंका थलनदी की आरुषि द्वितीय और राइंका दिउली की दिव्या तृतीय रहीं।
