Dehradun: धामावाला बाजार में सोना गलाने और होलमार्किंग का काम करने वाले एक सेंटर पर दिल्ली से पहुंची टीम की छापेमारी से हड़कंप मच गया। टीम ने स्थानीय पुलिस को कार्रवाई की भनक तक नहीं लगने दी। अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद बाजार में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। विदेश से तस्करी कर लाए गए सोने को यहां गलाने से लेकर चोरी के जेवरों को पिघलाकर उनका स्वरूप बदलने तक की बातें बाजार में होती रहीं। सूत्रों की मानें तो बीजी होलमार्क सेंटर पर कार्रवाई के दौरान नोटिस भी दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, धामावाला बाजार में एक बीजी होलमार्क सेंटर है। यहां सोना गलाने और होलमार्किंग का काम होता है। बताया जा रहा है कि जिस संपत्ति में यह सेंटर चल रहा है, वह दून के एक बड़े ज्वैलर की है। उन्होंने यह संपत्ति किराये पर दी हुई है। शुक्रवार को दिल्ली से पहुंची टीम ने सेंटर पर छापा मारा। कार्रवाई इतनी गोपनीय रखी गई कि स्थानीय पुलिस को भी इसकी पूर्व सूचना नहीं दी गई। टीम के अचानक पहुंचने से आसपास के दुकानदारों और व्यापारियों में अफरातफरी का माहौल बन गया। छापेमारी के बाद सेंटर बंद कर दिया गया। बाजार में यह भी चर्चा रही कि टीम पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को अपने साथ ले गई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई।
सूत्रों की मानें तो टीम में इंटरनेशनल एयरपोर्ट पुलिस और कस्टम विभाग के अधिकारी थे। कार्रवाई के बाद सराफा कारोबारियों के बीच दिनभर इस बात को लेकर चर्चा होती रही कि आखिर सोना गलाने के इस सेंटर पर किस तरह की गतिविधियों की जांच की जा रही थी।
एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि किसी भी राज्य की पुलिस ने इस सबंध में दून पुलिस से कोई संपर्क नहीं किया था। अगर दून पुलिस के साथ जानकारी साझा की जाएगी तो नियमानुसार कार्रवाई होगी।