Sun. Apr 19th, 2026

परमानंद महाराज के संन्यास जयंती समारोह में पहुंचे सीएम धामी ने महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष पर तीखा प्रहार किया

Dehradun: अखंड परमधाम में युग पुरुष स्वामी परमानंद महाराज के 71 वें सन्यास जयंती समारोह का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान कार्यक्रम में देश के कई बड़े संत मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि आज शुभ मुहूर्त में गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट विधिवत खोल दिए गए हैं, जिसके साथ ही चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो चुका है। श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।

उन्होंने महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार देश की महिलाओं को उनका अधिकार देने की दिशा में ठोस और ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला लिया गया, लेकिन कुछ राजनीतिक दलों ने इसका विरोध कर अपनी संकीर्ण सोच को उजागर कर दिया।

सीएम धामी ने कहा कि जो पार्टियां दशकों तक सत्ता में रहीं, उन्होंने कभी महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए। अब जब केंद्र सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से यह ऐतिहासिक कदम उठाया है, तो विरोध करने वाली पार्टियों का असली चेहरा देश के सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है और आने वाले समय में इसका सकारात्मक असर देश की राजनीति और समाज दोनों में साफ देखने को मिलेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *