Fri. Jul 17th, 2026

चढ़ावा चोरी मामले में मंदिर के पूर्व अधिकारी गिरफ्तार

Dehradun: बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की धनराशि और दान सामग्री की चोरी के मामले में पुलिस ने पूर्व मंदिर अधिकारी व तत्कालीन थाली भेंट गणना प्रभारी राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज, दस्तावेज और मौखिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की संलिप्तता सामने आने पर कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी से करीब चार घंटे तक गहन पूछताछ भी की। इस मामले में संलिप्त एक अन्य भी पुलिस के रडार पर है। जल्द ही पुलिस उसे भी गिरफ्तार कर सकती है।

इस मामले में पुलिस ने 12 जुलाई को बीकेटीसी के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार किया था, वह अभी न्यायिक अभिरक्षा में पुरसाड़ी कारागार में है। जांच के दौरान पुलिस टीम ने थाली भेंट गणना कक्ष की विभिन्न तिथियों की सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया और संबंधित गवाहों के बयान दर्ज किए।

कई बार 500 रुपये के नोटों की गड्डियां जेब में रखते दिखाई दिए
विवेचना में सामने आया कि थाली भेंट गणना प्रभारी राजेंद्र चौहान ने प्रमोद नौटियाल के साथ मिलकर चढ़ावे की चोरी का आपराधिक षड्यंत्र रचा। वह 30 जून को ही सेवानिवृत्त हुआ था। सीसीटीवी फुटेज में 22, 25 और 29 जून को राजेंद्र चौहान कई बार 500 रुपये के नोटों की गड्डियां, दान सामग्री और आभूषण अपनी जेब में रखते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने शुक्रवार को राजेंद्र चौहान को ज्योतिर्मठ से पूछताछ के लिए बदरीनाथ थाना लाकर गिरफ्तार किया। उससे करीब चार घंटे तक पूछताछ की गई।

जांच के पर्यवेक्षक/पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि अभियुक्त से विस्तृत पूछताछ चल रही है। मामले के प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष और साक्ष्य आधारित जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *