Mon. May 25th, 2026

लक्ष्मणझूला के पास गंगा की तेज धारा में बहे दो युवक

Rishikesh : लक्ष्मणझूला पुल के समीप गंगा की तेज धारा में बह रहे दो युवकों के लिए पैरामाउंट टूर के गाइड प्रीतम चौहान और अंकित चौहान देवदूत बनकर आए। थ्रो बैग की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों गाइडों ने युवकों का रेस्क्यू कर उन्हें सकुशल बचा लिया।

25 मई शाम करीब पांच बजे लक्ष्मणझूला पुल के नीचे हिल्टन रैपिड के पास हुई। पैरामाउंट टूर कैलासगेट मुनि की रेती के गाइड प्रीतम चौहान और अंकित चौहान पर्यटकों को रीवर राफ्टिंग करवा रहे थे।

तभी उन्होंने गंगा की तेज धाराओं में दो युवकों को बहते देखा। गाइड अंकित ने बताया कि राफ्टिंग के दौरान उन्हें पहले केवल एक ही युवक का सिर दिखाई दे रहा था। कड़ी मशक्कत के बाद थ्रो बैग की मदद से दूसरे युवक को भी खोजकर सकुशल रेस्क्यू किया गया। दोनों को सुरक्षित राफ्ट में बैठाया गया।

जान बचने के बाद दोनों युवक डरे सहमे थे। बचे हुए युवकों में से रोशन ने बताया कि वह लक्ष्मणझूला के ही रहने वाले हैं। स्नान के दौरान उसका दोस्त गंगा की तेज धाराओं में बहने लगा। दोस्त को बचाने के लिए वह भी आगे बढ़ गया और दोनों तेज बहाव में बहने लगे। गंगा नदी रीवर राफ्टिंग के पूर्व अध्यक्ष दिनेश भट्ट ने बताया कि प्रीतम और अंकित पहले भी कई बार राफ्टिंग के दौरान नदी में डूबते हुए पर्यटकों की जान बचा चुके हैं।

कहा शासन-प्रशासन को ऐसे साहसी और कुशल गाइडों को सम्मानित करना चाहिए। गाइड प्रीतम और अंकित ने बताया कि हिल्टन रैपिड में बहाव बहुत तेज था। एक युवक पानी के अंदर था, जिसे ढूंढना मुश्किल था। थ्रो बैग और टीम वर्क से दोनों की जान बचाई जा सकी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *