Thu. Jun 18th, 2026

सफर बना आखिरी…पति-बच्चों के सामने खाई में गिरीं दो मांएं

नैनीताल: नैनीताल की खुशनुमा यादें समेटकर लौट रहे मेरठ के एक ही परिवार के 29 लोगों के लिए यह ट्रिप कभी न भुलाने वाली बन गई। वाहन का ब्रेक फेल होने के बाद चालक नईम का डिवाइडर से टकराकर गाड़ी रोकने का प्रयास नाकाम रहा। इसके बाद टेंपो ट्रैवलर डिवाइडर तोड़ते हुए पेड़ से टकराकर खाई की ओर झुक गया। हादसे में गाड़ी का शीशा टूट गया और नाज़मीन और फरद बेगम अपने परिजनों के सामने ही सीधे गहरी खाई में जा गिरीं, जिससे उनकी मौत हो गई।

मेरठ के इस्लामाबाद काला फैक्टरी इलाके के रहने वाले आपस में रिश्तेदार कई परिवारों ने मिलकर नैनीताल घूमने का प्लान बनाया था। सभी ने दिनभर नैनीताल में बोटिंग की। शाम को जब वे वापस लौट रहे थे तभी कालाढूंगी से ठीक पहले अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। एसटीएच में भर्ती घायल चालक नईम ने पुलिस को बताया कि ब्रेक फेल होते ही उसने गाड़ी को नियंत्रित करने का पूरा प्रयास किया। गाड़ी की रफ्तार बढ़ती देख उसमें सवार 29 लोगों की सांसें अटक गईं। कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग के आखिरी प्रिया बैंड के पास नईम ने गाड़ी रोकने के लिए उसे डिवाइडर से टकराया लेकिन रफ्तार तेज होने के कारण डिवाइडर टूट गया और वाहन सीधे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे बैठे लोग आगे की ओर आ गए जिससे शीशा टूटा और दोनों महिलाएं खाई में गिर गईं। पीछे मौजूद लोगों ने उनका हाथ थामने की कोशिश भी की लेकिन वे उन्हें बचा नहीं सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *