15 अगस्त तक नहीं कराई ई-केवाईसी तो बढ़ेगी मुश्किल, महंगा मिलेगा घरेलू सिलिंडर
Dehradun: देहरादून जिले में घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना आवश्यक किया गया है। गैस कंपनियों और जिला पूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं से 15 अगस्त की निर्धारित समय सीमा से पहले ई-केवाईसी पूरी कराने की अपील की है। निर्धारित समय तक सत्यापन नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को भविष्य में गैस सिलेंडर की आपूर्ति में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
जिला पूर्ति अधिकारी, गैस एजेंसी संचालक और गैस कंपनियों के अधिकारी लगातार उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी के लिए जागरूक कर रहे हैं। उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके अलावा कई गैस कंपनियों के मोबाइल ऐप और अधिकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी यह सुविधा उपलब्ध है। घर तक सिलिंडर पहुंचाने वाले डिलीवरी कर्मियों के माध्यम से भी ई-केवाईसी की सुविधा मिल सकती है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता 15 अगस्त से पहले ई-केवाईसी अवश्य करा लें, ताकि भविष्य में गैस आपूर्ति से संबंधित किसी प्रकार की परेशानी न हो।
