एसी की चिंगारी से पर्दे में लगी आग, धुएं और लपटों के बीच से निकाले मरीज
Dehradun: हरिद्वार रोड स्थित पैनेसिया सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में बुधवार सुबह 9:20 बजे बजे आग लग गई। अस्पताल के आईसीयू में लगे एसी में सबसे पहले चिंगारी भड़की। इसके बाद पर्दे में आग लगी और देखते-देखते पूरे वार्ड में धुआं भर गया व आग की लपटें उठने लगीं।
इसी में शॉर्ट सर्किट होने से धुआं उठना शुरू हुआ। इससे पहले कि अस्पताल के कर्मचारी कुछ समझ पाते एसी के नीचे लगे पर्दे ने आग पकड़ ली। इसके बाद चिंगारी पास में रखे बेड तक पहुंच गई और देखते ही देखते पूरे वार्ड में धुआं भर गया व आग की लपटें उठने लगीं।
अस्पताल के स्टाफ और मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने एक-एक कर मरीजों को वार्ड से निकालना शुरू किया। इसी बीच सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने कांच तोड़कर पाइप अंदर पहुंचाकर आग बुझाना शुरू किया और कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया। सबसे पहले आईसीयू से बाहर लाए गए छह मरीजों को कैलाश अस्पताल भेजा गया। इनमें से कांवली बल्लीवाला की रहने वाली वीरवती की मौत हो गई।
