Tue. Jun 9th, 2026

नाराज पशुपालक ने कोतवाली में खाया जहर, पुलिस प्रताड़ना का आरोप

रुद्रपुर: रुद्रपुर में भैंस चोरी के मामले में कार्रवाई से असंतुष्ट एक पशुपालक ने मंगलवार को गदरपुर कोतवाली परिसर में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मी तत्काल उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम बमनपुरी निवासी राजेंद्र सिंह की कुछ समय पूर्व तीन भैंसें चोरी हो गई थीं। मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन बरामद करने का दावा किया था लेकिन पीड़ित का आरोप है कि उसे अब तक न्याय नहीं मिला। उसने पूर्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए थे।

राजेंद्र सिंह का कहना था कि चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उसने कुछ पुलिसकर्मियों पर दबाव बनाने, अभद्र व्यवहार करने और समझौते के लिए मजबूर करने का आरोप भी लगाया था। पीड़ित ने यह शिकायत भी की थी कि मामले में बरामद साक्ष्यों और आरोपियों को लेकर पुलिस की भूमिका संदेह के घेरे में है।

ताया जा रहा है कि लंबे समय से मामले की पैरवी कर रहे पशुपालक ने खुद को उपेक्षित महसूस किया। इसी से आहत होकर उसने कोतवाली परिसर में जहरीला पदार्थ निगल लिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने उसे संभाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

कोतवाली परिसर में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *