हल्द्वानी : हल्द्वानी बाजार में मीरा मार्ग स्थित जूते के शोरूम में मंगलवार की देर रात भीषण आग लग गई। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गनीमत रही कि जब आग लगी अधिकतर दुकानें बंद हो चुकी थीं। मौके पर अफरातफरी का माहौल रहा। सपा नेता अब्दुल मतीन सिद्दीकी के बेटे सुमेर सिद्दीकी का मीरा मार्ग में माशा शूज नाम से शोरूम है। मंगलवार देर शाम वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात 10 बजे के किसी ने उनकी दुकान से धुआं निकलता देखा तो उन्हें सूचना दी।
सूचना पर दमकल की टीम भी मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के चार वाहनों की मदद से डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। समय रहते सूचना मिलने से आग को आसपास की दुकानों तक पहुंचने से रोका गया। सुमेर के अनुसार आग से लाखों का नुकसान हुआ है। एफएसओ मिंदर पाल सिंह के अनुसार आग लगने के कारणों का पता लगाने के साथ ही दमकल विभाग क्षति का आकलन करेगा।
बाजार बंद होने के बाद भीड़भाड़
मंगलवार रात बाजार लगभग बंद हो चुका था लेकिन जब लोगों तक आग लगने की सूचना पहुंची तो मौके पर भीड़ जुटना शुरू हो गई। इस क्षेत्र में दिन के समय काफी लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं। अगर आग दिन में लगी तो फायरकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ सकती थी। वहीं अगर हादसा देर रात होता तो आग कई और दुकानों को चपेट में ले सकती थी।
दमकल की टीम की भागमभाग
लखनऊ में हुए हादसे में बाद दमकल की टीम अलर्ट मोड पर है लेकिन मंगलवार का दिन उनके लिए चुनौती भरा रहा। पहले शाम के समय मुखानी के हीरानगर में केवीएम स्कूल में लगी आग पर काबू पाने में टीम के पसीने छूटे। यहां से टीम को फुर्सत मिली ही थी कि मीरा मार्ग में जूते का शोरूम धधक उठा। ऐसे में टीम की खूब भागमभाग हुई।