भराड़ीसैंण : विधानसभा सत्र के लिए धामी सरकार ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण पहुंच गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी सहित अन्य मंत्री व विधायक सड़क मार्ग पर भराड़ीसैंण पहुंचे। विधानसभा परिसर के चारों तरफ सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए।
मंगलवार से शुरू हो रहे दो दिवसीय विधानसभा सत्र के लिए सरकार गैरसैंण पहुंच चुकी है। मुख्यमंत्री धामी रुद्रप्रयाग जिले के गुलाब राय हेलिकॉप्टर से आए और यहां से सड़क मार्ग से भराड़ीसैंण पहुंचे। जगह-जगह पर मुख्यमंत्री का पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। देहरादून से सरकार के गैरसैंण आने का एहसास नेशनल हाईवे पर वाहनों के काफिला से लग रहा था। पूरे नेशनल हाईवे पर हुटर बजाते हुई गाड़ियां गैरसैंण की ओर से जा रही थी।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने भराड़ीसैंण पहुंच कर विधानसभा परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश भी दिए। उन्होंने कहा, सरकार का यह आखिरी विधानसभा सत्र है। इस बार भी भराड़ीसैंण में सत्र अच्छा रहेगा। सभी सदस्य अपनी बात सदन में रखेंगे और सरकार के माध्यम से जवाब दिया जाएगा।