Fri. Jul 3rd, 2026

नौकरानी ने हीरे का हार पहनकर इंस्टाग्राम पर अपलोड की रील

Dehradun: राजधानी में इंस्टाग्राम पर बनाई गई एक रील ने करीब एक साल पुरानी 10 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी का पर्दाफाश कर दिया। राजपुर थाना क्षेत्र के आईटी पार्क स्थित सिक्का किमाया ग्रीन में रहने वाली नितिशा वत्स के घर से चोरी हुए हीरे और सोने के आभूषणों के मामले में पुलिस ने उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला (34) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 10 लाख रुपये मूल्य के हीरे और सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, नितिशा वत्स ने 1 जुलाई 2026 को राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के कीमती आभूषण गायब हो गए थे। उस समय उन्हें लगा था कि शायद उन्होंने आभूषण कहीं और रख दिए हैं या किसी रिश्तेदार को दे दिए होंगे। इसलिए चोरी का संदेह नहीं हुआ।
मामले ने उस समय नया मोड़ लिया जब कुछ दिन पहले एक परिचित ने उन्हें बताया कि उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हीरे का हार पहनकर रील और फोटो साझा की है। जब नितिशा ने वह रील देखी तो उसमें दिखाई दे रहा हीरे का हार उनका ही निकला। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस से शिकायत की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित राजपुर थाना पुलिस टीम ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को जोहड़ी रोड से विमला को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया हीरे का हार, सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का पेंडल और एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *