तीन जगह भूस्खलन, पहाड़ दरकने से घरों को खतरा, 14 लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे
मसूरी : मसूरी में शनिवार देर रात से लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मसूरी-दून मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन होने से मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गए। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ ही पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं पानीवाला बैंड के समीप आवासीय भवनों के नीचे पहाड़ दरकने से करीब 14 लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। आवासीय भवनों के साथ ही होटल और रेस्टोरेंट को भी खतरा बना हुआ है।
बारिश और घने कोहरे से मसूरी में जनजीवन प्रभावित
मसूरी में शनिवार से देर रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है । बारिश के साथ शहर में घना कोहरा छाए रहने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से मसूरी-देहरादून मार्ग सहित शहर की सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमी रही और वाहन चालकों को सावधानी से सफर करना पड़ा।
शहर में लगातार बारिश के चलते मौसम में ठंडक लौट आई है। तापमान में गिरावट के कारण लोगों और पर्यटकों को हल्के गर्म कपड़ों की सहारा लेना पड़ा । वहीं, खराब मौसम के बावजूद पर्यटकों का उत्साह कम नहीं हुआ। हल्की बारिश के बीच भी पर्यटक माल रोड पर घूमते और मौसम का आनंद लेते नजर आए। बारिश और कोहरे ने जहां शहर की रफ्तार धीमी कर दी, वहीं पर्यटक स्थल भी धुंध की चादर में लिपटे नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण पहले से ही प्रभावित जनजीवन पर मौसम की मार और बढ़ गई है।
