पत्नी को मारी गोली, फिर पुलिस को किया फोन; बोला-मैंने हत्या कर दी, वारदात के बाद पति फरार
Dehradun: क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला का शव एक प्लॉट के अंदर बने कमरे से बरामद हुआ। पत्नी को गोली मारने के बाद पति ने खुद पुलिस को फोन किया और बताया कि मैंने हत्या कर दी है। घटना के बाद से उसका पति धीरज पंवार फरार है।
पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम को धीरज पंवार नाम के व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन पुलिस ने कॉल करने वाले से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस ने कॉल की लोकेशन के आधार पर आसपास तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद एक प्लॉट के अंदर बने कमरे की जांच की। कमरे में काजल (26) पत्नी धीरज पंवार मृत अवस्था में मिली। पुलिस के मुताबिक महिला की मौत गोली लगने से हुई है। सूचना के बाद फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
