Dehradun: देहरादून से हरिद्वार के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में अब तेजी आने की उम्मीद है। करीब 36 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट के तहत विभिन्न स्थानों पर सड़क सुरक्षा के इंतजाम किए जाने हैं। परियोजना के लिए करीब 320 करोड़ रुपये की निविदा की गई है। निर्धारित योजना के अनुसार अगले दो साल में सभी कार्य पूरे किए जाने हैं।
दरअसल, परियोजना के तहत मियांवाला से नकरौंदा के बीच करीब 2.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड मार्ग तैयार किया जाएगा। इसके अलावा यातायात को व्यवस्थित करने के लिए मार्ग में कई स्थानों पर जंक्शन विकसित किए जाने हैं। सर्विस रोड का निर्माण भी परियोजना का हिस्सा है। इन कार्यों का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही को अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बनाना है।
फिलहाल बारिश के कारण परियोजना के कार्यों की गति धीमी रही। अब बारिश रुकने के बाद निर्माण गतिविधियों में तेजी लाने की तैयारी है। वर्तमान में विभिन्न स्थानों पर यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम किया जा रहा है। इसके तहत सड़क निर्माण में बाधा बन रही बिजली, पेयजल और अन्य उपयोगिताओं को निर्धारित स्थानों पर स्थानांतरित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। यूटिलिटी शिफ्टिंग पूरी होने के बाद निर्माण कार्य को गति मिलने की उम्मीद है।