युवक की हत्या का खुलासा, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर उजाड़ दिया अपना सुहाग
प्रेमनगर: प्रेमनगर के मांडूवाला में डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक को पत्नी के प्रेम संबंध की जानकारी हो गई थी और उसने दोनों को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित कर घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। मजदूरों का सत्यापन करने के साथ मुखबिर तंत्र भी सक्रिय किया गया। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर मांडूवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से ललन शर्मा (23) को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने मदन की पत्नी मीना के साथ मिलकर हत्या करने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने मीना को भी गिरफ्तार कर लिया। ललन की निशानदेही पर घटनास्थल के पास झाड़ियों से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया।
