Mon. Oct 26th, 2026

विदेशी भी चखेंगे प्रदेश की राजमा और हल्दी का स्वाद, कनाडा-यूएई के बाजारों में बढ़ रही मांग

Dehradun: अमेजन ग्लोबल और वॉलमार्ट जैसे अंतरराष्ट्रीय प्लेटफॉर्मों के जरिये उत्तराखंड की हल्दी और चकराता राजमा अब कनाडा और संयुक्त अरब अमीरात के बाजारों में भी उपलब्ध होंगे। हाउस ऑफ हिमालयाज और इन कंपनियों के बीच बातचीत अंतिम दौर में है और नवंबर के अंत तक ये उत्पाद इन बाजारों में उपलब्ध हो जाएंगे।

अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन कंपनियों के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पाद पहले ही अमेरिका में उपलब्ध हो चुके हैं। अब इनका दायरा दूसरे देशों तक बढ़ाने की तैयारी है। कनाडा और संयुक्त अरब अमीरात के बाद इन उत्पादों को यूरोप के विभिन्न देशों में भी पहुंचाने की कोशिश की जाएगी। न्यूजीलैंड स्थित भारतीय दूतावास के जरिये राज्य के उत्पादों को लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया जा रहा है। इन प्रयासों के सफल रहने से इन देशों में उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ेगी और इसका सीधा लाभ उत्तराखंड के किसानों और महिलाओं को मिलेगा।

वैश्विक स्तर पर सबसे ज्यादा मांग के आधार पर बात करें तो उत्तराखंड की हल्दी और चकराता राजमा सबसे ज्यादा लोगों की पसंद बन रहे हैं। अमेजन ग्लोबल और वॉलमार्ट पर इन्हीं उत्पादों की सबसे ज्यादा मांग है। इसके अलावा मुनस्यारी राजमा, लाल चावल, पहाड़ी दाल भी लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं। इन कृषि उत्पादों के अलावा हथकरघा और कलात्मक वस्तुओं को भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में खूब पसंद किया जा रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *