रुहेलखंड से भागकर बुंदेलखंड में छिपा, दिल्ली से पहुंचा था झांसी, तब पुलिस लाई उत्तराखंड
Dehradun: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का पति गिरधारी लाल साहू गिरफ्तारी से बचने के लिए रुहेलखंड से बुंदेलखंड तक भागता रहा, लेकिन उत्तराखंड पुलिस के बिछाए जाल से बच नहीं सका। बस्ती, प्रयागराज और नेपाल तक ठिकाने बदलने के बाद वह दिल्ली पहुंचा और वहां से झांसी में अपने एक रिश्तेदार के घर पर छिप गया। आखिरकार एसआईटी ने शनिवार को उसे झांसी (बुंदेलखंड) से गिरफ्तार कर लिया।
इस बीच पुलिस को गिरधारी के रिश्तेदार के घर पर छिपे होने की सटीक सूचना मिली। मुखबिर से मिली जानकारी की पुष्टि होते ही एसआईटी ने दबिश देकर उसे घर से ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर काफी देर तक एक अज्ञात स्थान पर ले गई। यहां उससे पूछताछ की गई और गिरफ्तारी से पहले उसके ठिकानों और भागने के दौरान संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई गई।
