Fri. Oct 9th, 2026

सीएम धामी ने बाल विज्ञान महोत्सव का किया शुभारंभ, नवाचार को बढ़ावा देने के लिए दिए एक करोड़ रुपये

बागेश्वर: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मंडलसेरा स्थित विवेकानंद इंटर कॉलेज में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद  की ओर से आयोजित पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान सीएम ने बाल वैज्ञानिकों से सीधा संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं के उत्तर दिए और शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक करोड़ रुपये देने की बड़ी घोषणा की।

महोत्सव में प्रदेश के चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के 240 चयनित बाल वैज्ञानिक हिस्सा ले रहे हैं। सीएम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के यही बाल वैज्ञानिक वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करेंगे। उन्होंने छात्रों को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर निरंतर सवाल पूछने और नए विचारों पर काम करने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षा में आधुनिक तकनीक के समावेश पर जोर देते हुए सीएम धामी ने घोषणा की कि प्रदेश के सभी विकासखंडों में एक-एक लैब ऑन व्हील्स स्थापित की जाएगी। साथ ही राज्य की स्टेम लैब्स को एआई से जोड़ा जाएगा और विद्यालयों में रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों में विज्ञान और नवाचार केंद्र स्थापित करने और महिला विकास, विज्ञान विषय पर सम्मेलन आयोजित करने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान विज्ञान शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले शिक्षक कविता हरकोटिया, दीप चंद्र जोशी, हरिमोहन ऐठानी, संगम साह और ख्याली दत्त को सीएम ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। महोत्सव में बागेश्वर विधायक पार्वती दास, कपकोट विधायक सुरेश गढि़या, दायित्वधारी शिव सिंह बिष्ट, भूपेश उपाध्याय, जिपं अध्यक्ष शोभा आर्या, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, डीएम अपूर्वा पांडेय, एसपी जितेंद्र मेहरा, सीडीओ नरेश कुमार और प्रधानाचार्य अव्वल सिंह तोपाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *