Sat. Jul 27th, 2024

जल्द तय होगा प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की कुमाऊं रैली का स्थल

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 24 दिसंबर को कुमाऊं में प्रस्तावित विजय संकल्प रैली हल्द्वानी में होगी या रुद्रपुर में, इसे लेकर जल्द ही तस्वीर साफ हो जाएगी। रैली के स्थल चयन को लेकर लगातार मंथन चल रहा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के अनुसार रैली के लिए पांच स्थल चयनित किए गए हैं, जिनमें से एक को शीघ्र ही फाइनल किया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी की गढ़वाल मंडल के अंतर्गत देहरादून में हुई विजय संकल्प रैली के बाद भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने कुमाऊं मंडल भी इसी तरह की रैली के आयोजन का आग्रह किया था। इसके बाद रैली के लिए 24 दिसंबर की तिथि तय की गई और इसके लिए हल्द्वानी और रुद्रपुर, दो शहरों के नाम सुझाए गए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि रैली के लिए रुद्रपुर में तीन और हल्द्वानी में दो स्थलों के नाम सामने आए हैं। दो दिन पहले केंद्र सरकार के अधिकारियों ने इन स्थलों के संबंध में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए देहरादून आकर चर्चा की। शीघ्र यह तय कर लिया जाएगा कि प्रधानमंत्री की रैली हल्द्वानी अथवा रुद्रपुर में किस स्थान पर होगी।

भाजयुमो केदार मंडल के अध्यक्ष का इस्तीफा

भारतीय जनता युवा मोर्चा महानगर में कार्यकर्ताओं की नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है। केदार मंडल के अध्यक्ष विवेक डंगवाल ने महानगर पदाधिकारियों पर आरोपों की झड़ी लगाते हुए पद से इस्तीफा देने का एलान किया है।

रविवार को विवेक डंगवाल ने फेसबुक पर पोस्ट डाली कि वह केदार मंडल से इस्तीफा दे रहे हैं और कार्यकर्ता के नाते पार्टी के साथ हमेशा काम करते रहेंगे। इस पोस्ट को उन्होंने भाजपा महानगर महामंत्री रतन सिंह चौहान को भी टैग किया है। फोन पर उन्होंने कहा कि भाजयुमो महानगर अध्यक्ष अंशुल चावला व अन्य पदाधिकारियों का उनके साथ व्यवहार अच्छा नहीं है। उन्हें अपने क्षेत्र में कार्य करने से रोका जा रहा है। भाजयुमो के कार्यक्रमों में उनकी उपेक्षा किए जाने के साथ ही उनके साथ द्वेषपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। विवेक डंगवाल ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में वह बतौर मंडल अध्यक्ष नहीं रह सकते, इसलिए पद से इस्तीफा दे रहे हैं। सोमवार को वे महानगर अध्यक्ष को इस्तीफा सौंपेंगे। उन्होंने अन्य पदाधिकारियों के समर्थन में खड़े रहने का दावा किया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *