Tue. Sep 29th, 2026

कहीं बवाल तो कहीं ढोल-नगाड़ों के बीच जश्न, कॉलेजों में मतदान को लेकर दिखा उत्साह

Dehradun: उत्तराखंड में छात्रसंघ चुनाव को लेकर मंगलवार को महाविद्यालयों में दिनभर गहमागहमी रही। कहीं मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चलता रहा तो कहीं हंगामे और विवाद ने चुनावी माहौल को गरमा दिया। डीएवी पीजी कॉलेज में प्रत्याशियों के समर्थन में पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ बवाल हुआ, जिसके बाद पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर ले गई।

वहीं एसजीआरआर पीजी कॉलेज में मतदान खत्म होते ही एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने ढोल बजाकर जश्न मनाना शुरू कर दिया और अपने प्रत्याशियों की जीत का दावा किया। दूसरी ओर अगस्त्यमुनि, कर्णप्रयाग, बड़कोट और पोखरी समेत कई कॉलेजों में दोपहर तक मतदान ने रफ्तार पकड़ी। कर्णप्रयाग में सीओ ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, जबकि कोटद्वार और रुड़की में पुलिस की कड़ी निगरानी के बीच मतदान कराया गया। कई कॉलेजों में प्रवेश से पहले छात्रों के आईडी और कार्ड की जांच की गई।

अगस्त्यमुनि: दोपहर 12 बजे तक 52.46 फीसदी मतदान, कॉलेज में सुबह से रही गहमागहमी

 

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान जारी रहा। कॉलेज में कुल 2036 मतदाता हैं। सुबह 11 बजे तक 686 छात्रों ने मतदान किया, जो 33.69 प्रतिशत रहा। दोपहर 12 बजे तक मतदान का आंकड़ा बढ़कर 1068 पहुंच गया और मतदान प्रतिशत 52.46 हो गया। सुबह आठ बजे मतदान शुरू होने के बाद से कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं और प्रत्याशियों के समर्थकों की गहमागहमी रही। दोपहर एक बजे के बाद केवल उन्हीं छात्र-छात्राओं को मतदान की अनुमति दी गई, जो आईडी कार्ड के साथ पहले ही परिसर में प्रवेश कर चुके थे।

एसजीआरआर पीजी कॉलेज: 1105 में से 506 ने डाले वोट, मतदान खत्म होते ही समर्थकों ने मनाया जश्न

एसजीआरआर पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया संपन्न हो गई। मतदान समाप्त होने तक कुल 506 मत डाले गए, जबकि कॉलेज में 1105 मतदाता हैं। एबीवीपी और एनएसयूआई के प्रत्याशियों के बीच तीन पदों पर मुकाबला है। मतदान समाप्त होते ही एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने ढोल बजाकर जश्न मनाना शुरू कर दिया। कार्यकर्ता अपने प्रत्याशियों की जीत का दावा करते नजर आए।

डीबीएस पीजी कॉलेज: छात्रसंघ चुनाव में 75 फीसदी छात्रों ने किया मतदान

डीबीएस पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया संपन्न हो गई। चुनाव में 75 फीसदी छात्रों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं की आवाजाही बनी रही। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी की नजर चुनाव परिणाम पर है।

एमकेपी कॉलेज: छात्रसंघ चुनाव संपन्न, 37.94 प्रतिशत हुआ मतदान

एमकेपी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया संपन्न हो गई। कॉलेज में 37.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान को लेकर कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं और प्रत्याशियों के समर्थकों की गतिविधियां बनी रहीं। मतदान पूरा होने के बाद अब प्रत्याशियों और समर्थकों को परिणाम का इंतजार है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *