रिटायर्ड दंपती व नौकरानी की बेरहमी से हत्या, प्लंबर ने पेचकस से किए वार, गिरफ्तार
Dehradun: देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार को दिनदहाड़े प्लंबर राजकुमार ने पैसों के लेनदेन पर हुए विवाद में बुजुर्ग दंपती और बीच-बचाव करने पहुंची घरेलू सहायक महिला की पेचकस से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी घर से भागने का प्रयास कर रहा था। इसी बीच स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल पेचकस और एक सोने की चेन बरामद की गई है।
मृतकों की पहचान विष्णुलोक कॉलोनी निवासी रमेश कपूर (80) और उनकी पत्नी रजनी कपूर (75) के रूप में हुई है। तीसरी मृतका तिलया देवी उर्फ शीला (48) थी, जो पड़ोस के घर में काम करती थी और बुजुर्ग दंपती के चीखने की आवाज सुनकर वहां पहुंची थी। बीचबचाव के दौरान आरोपी राजकुमार ने उसके पेट में भी पेचकस मार दिया।
