हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सख्ती के बाद हरिद्वार के शिकारपुर लंढौरा में एक शिकायतकर्ता के घर पेयजल आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। सोमवार को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को फटकार लगाई थी। उन्होंने शिकायतकर्ता गीता से वार्ता कर अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर पानी पहुंचाने का निर्देश दिए था। सीएम के सख्त तेवर ने न केवल गीता की समस्या दूर कराई बल्कि पूरे गांव को नल से जल मिलने लगा।
बता दें कि प्रत्येक सोमवार को सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा जिला और राज्य स्तर पर की जा रही है। 14 सितंबर को सीएम पुष्कर सिंह धामी सभी जिलाधिकारियों की ऑनलाइन बैठक कर शिकायतों की समीक्षा की थी। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने मंगलवार को शिकारपुर लंढौरा का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गीता के आवास पर पहुंचकर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया।
पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता राजेश गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनी कॉलोनी में अस्थायी रूप से पानी दिए जा रहा था। पेयजल लाइन में कम दबाव के कारण पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा था। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद कॉलोनी में बनी नई पानी की टंकी से आपूर्ति शुरू की गई। शिकायतकर्ता और अन्य कॉलोनीवासियों को समीक्षा के बाद सोमवार शाम से ही नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू करा दी गई।