डालनवाला में युवक पर तलवार-खुखरी से जानलेवा हमला
Dehradun: देहरादून के डालनवाला में एक युवक पर तलवार, खुखरी, लाठी और बेसबॉल के डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। वहीं, कोतवाली डालनवाला पुलिस ने रिस्पना नदी ब्लॉक-2 निवासी प्रतीक कोरी की शिकायत पर संगम चौहान, रोहित त्यागी उर्फ खान, बबुवा तथा 10 से 15 अज्ञात युवकों के खिलाफ जानलेवा हमला, लूटपाट और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावर तलवार, खुखरी, लाठी और बेसबॉल के डंडो से लैस थे तथा जान से मारने की नीयत से उस पर ताबड़तोड़ हमला किया। हमले में उसे कमर, गर्दन, हाथ और आंख के पास गंभीर चोटें आईं। आंख के पास पांच टांके लगे हैं, जबकि शरीर में कई अंदरूनी चोटें भी आई हैं।
घायल को पहले उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उसका एमआरआई, सीटी स्कैन और एक्स-रे कराया गया। चिकित्सकों ने उसे करीब एक महीने तक आराम करने की सलाह दी है।
