पर्यटकों और स्थानीय टैक्सी चालक के बीच मारपीट
मसूरी: पर्यटन नगरी मसूरी में शनिवार रात पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच दो अलग-अलग स्थानों पर विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आईं। पिक्चर पैलेस बैरियर के पास दिल्ली से आए पर्यटकों और स्थानीय टैक्सी चालक के बीच वाहन की टक्कर को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट और हंगामे में बदल गई। मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमे दर्ज किए हैं।
प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह गहलावत ने बताया कि सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि दिल्ली से आए पर्यटकों की कार की स्थानीय टैक्सी से टक्कर हो गई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान टैक्सी चालक और उसके साथ मौजूद लोगों ने पर्यटकों की कार के शीशे तोड़ दिए और उनके साथ मारपीट की। वहीं, स्थानीय टैक्सी चालक प्रकाश भट्ट ने पर्यटकों पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर दिल्ली निवासी महिला पर्यटक श्रुति गुप्ता पत्नी वरुण गुप्ता निवासी विवेक विहार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों ने उनके और उनके पति के साथ मारपीट की तथा उनकी छाती पर हाथ मारा। पुलिस ने महिला की शिकायत पर स्थानीय निवासी प्रकाश भट्ट, प्रीतम रावत समेत अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
