राजीव गांधी पंचायती राज संगठन ने शुरू किया ‘काम मांगो अभियान’, युवाओं को रोजगार के लिए मुहिम
Dehradun: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, देहरादून में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण ने की, जबकि राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी दीपक राठौर भी मौजूद रहे।
बैठक में प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, ग्रामीण क्षेत्रों से युवाओं के पलायन और स्थानीय स्तर पर रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं होने के मुद्दे पर गंभीर चर्चा की गई। बैठक में संगठन की ओर से प्रदेशभर में ‘काम मांगो अभियान’ शुरू करने का निर्णय लिया गया।
राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी दीपक राठौर ने कहा कि उत्तराखंड के गांवों को मजबूत किए बिना राज्य का समग्र विकास संभव नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय संसाधनों, मनरेगा, लघु एवं कुटीर उद्योग, कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और स्वरोजगार के माध्यम से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
