शिक्षा मंत्री के निर्देश, छात्र संघ चुनावों में छात्राओं को मिलेगा 50 फीसदी प्रतिनिधित्व
Shrinagar: राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनावों में छात्राओं को अब 50 फीसदी प्रतिनिधित्व मिलेगा। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। राज्य के उच्च शिक्षण संस्थानों में 65 फीसदी से अधिक छात्राएं अध्ययनरत हैं।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान पर भी चर्चा की गई। शिक्षा मंत्री ने सभी राज्य विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को युवाओं को इस अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक राजकीय और निजी उच्च शिक्षण संस्थानों में चलेगा। इसमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री प्रतिभाग करेंगे। अभियान के तहत भाषण, चित्रकला, निबंध प्रतियोगिताएं और युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। बैठक में दून विश्वविद्यालय की कुलपति सुरेखा डंगवाल, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति एसएस. बिष्ट, मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति नवीन चन्द्र लोहनी, संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति रमाकांत पाण्डेय, श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति अम्बरीश महाजन, अपर सचिव उच्च शिक्षा मनुज गोयल और संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा एएस. उनियाल मौजूद रहे।
29 सितंबर को हो सकते हैं छात्र संघ चुनाव
प्रदेश के सभी राज्य विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्रसंघ के चुनाव 29 सितंबर को हो सकते हैं। राज्य विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को छात्रसंघ चुनाव में छात्राओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने के लिए इससे पहले छात्र संघों के प्रतिनिधित्व के मौजूदा ढांचे में संशोधन करना होगा।
